जादूगोड़ा : गालूडीह बराज में ओडिशा जाने वाली 56 किलोमीटर नहर के दोनों किनारे बोल्डर पिचिंग में घटिया निर्माण पर घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन ने वहां मौजूद बराज के सहायक अभियंता विनोद कुमार बास्के व जूनियर इंजीनियर गोपाल हांसदा को खरी-खोटी सुनाई व घटिया निर्माण को लेकर फटकार लगाई. (नीचे भी पढ़ें)

घाटशिला विद्यायक सोमेश सोरेन की नाराज़गी इस बात को लेकर थी कि गालूडीह बराज से ओडिशा जा रही नहर के दोनों किनारे 17 करोड़ की लागत से 56 किलोमीटर बोल्डर पिचिंग के कार्य में संवेदक पंकज कंस्ट्रक्शन (गढ़वा) ने विधायक सोमेश सोरेन से शिलान्यास की जरूरत तक नहीं समझी व क्षेत्र के विधायक की अनदेखी की. (नीचे भी पढ़ें)

17 करोड़ की योजना को लीपापोती कर राशि हड़पने की संवेदक की मंशा का आरोप लगाते हुए उन्होंने परियोजना का काम ठप करा दिया. यहां बताते चले कि एक दिन पूर्व झामुमो कार्यकर्ता सुनील किस्कू द्वारा घटिया निर्माण को लेकर विरोध जताये जाने पर संवेदक द्वारा उलटे धमकाए जाने का मामला आज दूसरे दिन, बुधवार को भी जोर पकड़े रहा. विधायक सोमेश सोरेन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गढ़वा के पंकज कंस्ट्रक्शन का काम रोकवा दिया. विधायक की अगुआई में झामुमो नेता बाघराय मार्डी, प्रधान सोरेन, जगदीश भगत समेत अन्य पार्टी कार्यकर्ता संवेदक के खिलाफ गोलबंद होकर घटिया निर्माण कार्य के खिलाफ जमकर विरोध जताया व संवेदक के मुंशी विकास यादव को फटकार भी लगाई. उन्होंने वहां काम भी ठप करा दिया.




