जमशेदपुर : एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल के इंटर्न डॉक्टर समीर कुमार की संदिग्ध मौत का मामला अब नए आरोपों के साथ चर्चा में है. मृतक के पिता अजय कुमार लाल ने ग्रामीण एसपी को लिखित शिकायत देकर बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है. शिकायत में इंटर्न डॉक्टर डॉ यश समेत अन्य लोगों पर साजिश रचकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)

शिकायत के अनुसार, घटना से एक दिन पहले डॉ समीर और डॉ यश के बीच कथित विवाद हुआ था. आरोप है कि 23 जुलाई की रात ड्यूटी समाप्त होने के बाद समीर को बहाने से डिमना लेक ले जाया गया, जहां पहले से मौजूद लोगों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी गई और शव को झील में फेंक दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक के पिता ने मुख्यमंत्री, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), डीआईजी और वरीय पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत की प्रतिलिपि भेजते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है. हालांकि मृतक के पिता द्वारा पुलिस को दिए गए लिखित आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. मामले की जांच जारी है और वास्तविक तथ्य पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे.




