
मुसाबनी : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका मुसाबनी प्रखंड सभागार मे प्रखण्ड विकास पदाधिकारी-सह-अंचलाधिकारी अजय कुमार रजक की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी ने शौचालय से संबंधित सभी अभिलेखों को पंचायत में रखने का निर्देश जल सहिया और मुखिया को दिया. शौचालय से संबंधित प्री-एसबीएलजी एवं स्लिप-बैक की सूची को सत्यापन करके उनका जांच प्रतिवेदन शनिवार तक लाने का निर्देश जांचकर्ता को दिया ताकि उसकी समीक्षा की जा सके. उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने पर उन पर कार्रवाई की जायेगी. मनरेगा अन्तर्गत योजना की समीक्षा की गई, जिसमें जानकारी हुई कि विगत दो माह से मजदूरों को मजदूरी का भुगतान नहीं हो पाया है. मजदूरी का भुगतान 16 लाख 80 हजार रूपए बकाया है, जिसकी सूचना जिला में भेजने का निर्देश प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा को दिया गया. सभी पंचायत में बायोमैट्रिक मशीन लगाने का निर्देश दिया गया ताकि पंचायत कर्मचारी एवं पदाधिकारी अपना हाजिरी बना सके. सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में अब तक कितने मामलो का निष्पादन किया गया है, इसकी समीक्षा की गई. आवास योजना की समीक्षा की गई. इसमें बिरसा आवास को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निदेश दिया गया और लापरवाही बरतने वाले पंचायत सचिव से स्पष्टीकरण किया गया. जल मिनार निर्माण की समीक्षा की गई. बैठक में सभी पंचायत सचिव, प्रभारी पंचायत सचिव, कनीय अभियंता, प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी, ग्राम रोजगार सेवक समेत प्रखण्ड एवं अचंल के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.







