बहरागोड़ा: बड़सोल थाना क्षेत्र में मंगलवार को एनएच-49 पर अजंता होटल के पास एक सड़क हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा उस समय हुआ, जब पिकअप वाहन (डब्यूबी06बीओ9112) जमशेदपुर से कोलकाता की ओर जा रहा था. इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पश्चिम बंगाल के बड़ाबाजार निवासी चालक मोहम्मद औरंगजेब केबिन में फंस गए. हादसे के बाद वह लहूलुहान हालत में काफी देर तक अंदर ही फंसे रहे. सूचना मिलते ही हाईवे गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद 1033 एंबुलेंस की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा पहुंचाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. पुलिस हादसे के बाद दुर्घटना के कारणों और आगे चल रहे अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी है.




