बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के एनएच-18 पर मुड़ाकाटी चौक के पास एक भयावह घटना ने राहगीरों और यात्रियों को दहला दिया. जमशेदपुर से भुवनेश्वर जा रही ‘शांतिलता’ स्लीपर बस अचानक आग की चपेट में आ गई. हालांकि, बस चालक की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया. यह घटना शनिवार रात की हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सफर सामान्य रूप से चल रहा था और अधिकांश यात्री स्लीपर बर्थ पर आराम कर रहे थे. मुड़ाकाटी चौक के समीप चालक को बस से असामान्य गंध और धुएं का आभास हुआ. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने बिना देर किए बस को सुरक्षित स्थान पर रोका और जोर-जोर से यात्रियों को तत्काल बाहर निकलने के लिए सचेत किया. (नीचे भी पढ़ें)

चालक की चेतावनी पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सभी ने तेजी से बस खाली कर दी. बताया जाता है कि जैसे ही अंतिम यात्री बस से बाहर निकला, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरी बस धधकने लगी. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, किंतु तब तक आलीशान स्लीपर बस पूरी तरह जलकर लोहे के ढांचे में तब्दील हो चुकी थी. (नीचे भी पढ़ें)
सौभाग्यवश इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने बस चालक की सतर्कता की सराहना करते हुए इसे कई जिंदगियां बचाने वाली निर्णायक कार्रवाई बताया.














