पटमदा: बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत आंधारझोर गांव के केंदडीह एवं बेलगोड़ा टोला में शुक्रवार की देर रात चोरी करने घुसे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था. जबकि इस घटना में शामिल उसका एक दोस्त फरार हो गया था. मामले में शनिवार को सुबह थाना पहुंचकर ग्रामीणों ने थाना प्रभारी से मुलाकात की थी. पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ के क्रम में आरोपियों ने बताया कि एक अन्य दोस्त के साथ दोनों एक बाइक पर लावजोड़ा हाथीखेदा मंदिर घूमने आए थे. लौटने के क्रम में फरार हुए दोस्त ने बताया कि इस क्षेत्र में काफी संख्या में लोग बकरियों का पालन करते हैं जिसे आसानी से चुराकर बेचा जा सकता है और उसमें हजारों की कमाई हो सकती है. (नीचे भी पढे़ं)
लालच में आकर देर रात पहले केंदडीह टोला में घुसे जहां एक घर (बिशु सिंह) के बरामदे में रखी बाइक को निकालकर भागने का प्रयास किया लेकिन परिवार के सदस्यों के जाग जाने एवं शोर मचाने पर बाइक छोड़कर खेती के रास्ते भाग गए. फिर कुछ घंटों बाद दुबारा सात नाला रोड के किनारे बेलगोड़ा टोला में एक घर (लालमोहन महतो) में घुसे जहां अंदर बंधे बकरियों को निकालने का प्रयास कर ही रहे थे कि पहले से जाग रहे लोगों के शोर मचाने एवं ग्रामीणों द्वारा झाड़ियों से पकड़ लेने पर वे बच नहीं सके और ग्रामीणों ने उनकी जमकर पिटाई भी कर दी थी. आरोपियों के मुताबिक उनलोगों ने इस क्षेत्र में पहली बार प्रयास किया था जो असफल रहा. थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि इससे पूर्व 31 वर्षीय सोनू लोहार सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर निवासी बाइक चोरी एवं गृहभेदन के मामले में 6 बार जेल जा चुका है और वह पेशेवर चोर है. जबकि उसका साथी 35 वर्षीय भीम गोप मानगो थाना क्षेत्र के दाईघुटु निवासी मारपीट एवं अन्य मामले में 2 बार जेल जा चुका है. इधर रविवार को पुलिस ने लालमोहन महतो के लिखित आवेदन पर कार्रवाई करते हुए सोनू लोहार एवं भीम गोप को जेल भेज दिया है. पुलिस द्वारा मामले की छानबीन जारी है.



