
जमशेदपुर : चाकुलिया थाना क्षेत्र में भू माफियाओं द्वारा अंचल कर्मियों की मिलीभगत से गलत दस्तावेज के आधार पर भूमि हड़पने का मामला प्रकाश में आया है. इस मामले में विगत दिनों पुराना बाजार निवासी भूमि के मालिक देवब्रत सिंह ने थाना में आवेदन देकर मामले की जांच कर दोषी पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी. देवब्रत सिंह ने आवेदन में कहा है कि थाना क्षेत्र के मौरबेड़ा गांव में 32 बीघा जमीन उनके पूर्वज की है और उक्त जमीन उनके नाम से खतियान में दर्ज है. कहा कि जमीन पर भू माफिया और पुराना बाजार निवासी माधव शरण सिंह गलत दस्तावेज बनाकर अवैध रूप से जमीन पर कब्जा कर लिया है. कहा है कि जमीन को उन लोंगों ने अंचल कर्मियों की मिलीभगत से अपने नाम पर कर लिया है, जिसकी जांच कर कार्रवाई की जाए. देवब्रत सिंह के आवेदन पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेकर जांच की. जांच करने के पश्चात देवब्रत सिंह द्वारा लगाया गया आरोप सही पाया गया है. पुलिस ने माधव शरण सिंह, अंचल निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षक और हल्का नंबर 8 के क्षेत्रीय कर्मचारी समेत अन्य भू माफिया के खिलाफ कांड संख्या 23/21 के तहत धारा 420, 467, 468 और 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर लिया है. थाना में मामला दर्ज होने से क्षेत्र के भू माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है. समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नही हुई है.
















