
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण पुलिस ने पोटका क्षेत्र से अवैध दो देशी पिस्तौल, 4 जिंदा कारतूस समेत अन्य सामानों के साथ लूटकांड को अंजाम देने वाले जमशेदपुर के पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है. जमशेदपुर के ग्रामीण एसपी ने पोटका में संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर इसकी जानकारी दी और बताया कि पोटका थाना क्षेत्र के सानग्राम के सरकारी शराब दुकान में हथियार का भय दिखाकर लूट की घटना को अंजाम देकर अपराधी 25 ग़गस्त की रात को सिलवर रंग की कार से भाग रहे थे. पूरे एरिया को सील कर दिया गया. कोवाली के हल्दीपोखर टीओपी के पास संदिग्ध सिलवर रंग की कार को देखा गया. पुलिस को देखकर अपराधी कार छोड़कर भागने लगे तो पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर उनको पकड़ा, जिनके पास यह हथियार बरामद किया गया. पुलिस ने उनके पास से शराब दुकान से लूटी गयी 48 बोतल रॉयल ग्रीन व्हिस्की और 11705 रुपये नगद भी बरामद किये है. पकड़े गये लोगों में जमशेदपुर के बागबेड़ा नया बस्ती निवासी जीतेंद्र कुमार शाह, परसुडीह के कीताडीह मनसा मंदिर निवासी अनवर खान उर्फ रिंकू, परसुडीह के गदड़ा पंचायत भवन के पास रहने वाले रोशन सिंह उर्फ पाका, पोटका के खड़ियासाई निवासी श्यामल मुंडा और टेल्को प्लाजा मोड़ निवासी लोकनाथ ठाकुर शामिल है. इन सारे लोगों से पूछताछ की जा रही है.







