पोटका: पोटका थाना क्षेत्र के हाता में स्थित विद्युत सब स्टेशन में 23 दिनों के अंदर लगातार दूसरी बार चोरी की घटना को अज्ञात चोरों द्वारा अंजाम दिया गया है. इस बार चोरों द्वारा लगभग चार लाख रुपए मूल्य के कोपर क्वायल की चोरी पुराने पांच एमवीए के ट्रांसफरमर से की गई है. घटना की जानकारी पोटका पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है . (नीचे भी पढ़े)

घटना के संबंध में विद्युत सब स्टेशन में रात्रि ड्यूटी पर तैनात लाइनमैन सोनू कुंकल ने बताया कि रविवार रात्रि को रात्रि ड्यूटी में उनके अलावा नयन माल, तापस गोप एवं रवि सरदार सब स्टेशन में थे. सुबह पांच बजे जब वे स्विच रूम से बाहर निकले तो बाहर का हेलोजन बंद पाया तो उन्हें कुछ गड़बड़ी का अंदेशा हुआ .तब उन्होंने खराब पड़े पांच एमवीए के ट्रांसफरमर पर नजर डाली तो देखा कि उसमें से विगत दिनों चोरी के उपरांत बचे कॉपर क्वायल की चोरी चोरो द्वारा कर ली गई है. चोरो द्वारा इस बार मुख्य गेट को छोड़ बाउंड्रीवॉल के तार काटकर अंदर घुस चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है. सब स्टेशन में तैनात कर्मियों द्वारा घटना की सूचना विभाग के अधिकारियों को दे गई है. सूचना मिलने के बाद पोटका पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की जांच में जुट गई है.(नीचे भी पढ़े)

23 दिनों में दूसरी बार हुई चोरी की घटना
हाता विद्युत सबस्टेशन में विगत 18 जनवरी को चोरो द्वारा ड्यूटी में तैनात सोनू कुंकल एवं नयन मॉल को रात भर बंधक बना चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था. चोरो द्वारा लगभग 15 लाख रुपये के मूल्य के कॉपर क्वायल की चोरी पुराने पांच एमवीए के ट्रांसफरमर को गैस कटर से काटकर की गई थी. इस चोरी के बाद भी उसी ट्रांसफरमर में लगभग चार लाख के तार बचे थे जिन्हें दोबारा चोरों ने टपा दिया .विगत दिनों हुई चोरी के घटना का उद्भेदन करते हुए पोटका पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया था.



