गालूडीह : गालूडीह प्रखंड संसाधन केंद्र में गुरुवार को घाटशिला प्रखंड स्तरीय स्कूल रुआर 2023 कार्यशाला का आयोजन हुआ. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख सुशीला टुडू तथा उपस्थित जन प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुबोध राय ने उपस्थित शिक्षकों को सबसे पहले रुआर का मतलब समझाते हुए बताया कि रुआर का मतलब लौट आओ होता है. रुआर संथाली भाषा का शब्द है. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम 16 जून से 15 जुलाई तक चलेगा, जिसमें दिनांक 22 जून से 20 दिनों तक नामांकन अभियान चलाया जाएगा. इसके साथ विद्यालय स्तरीय विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे, जिनमें प्रभातफेरी, साफ सफाई, नामांकन, अभिवावक एवं प्रबंधन समिति की बैठक आदि गतिविधियां की जाएंगी. विद्यालय में ठहराव के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. इस कार्य में जन प्रतिनिधि मूख्य भूमिका निभाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 06 से 18 वर्ष आयु वर्ग के छीजित बच्चों का विद्यालय में वापस नामांकन कराना एवं विद्यालय से जोड़कर उसका ठहराव सुनिश्चित करना है. बता दें कि घाटशिला प्रखंड में अभी 6 वर्ष से लेकर 18 वर्ष तक के जो विद्यार्थी हैं, उनमें 188 बच्चे ड्रॉपआउट हैं. मौके पर प्रखंड प्रमुख सुशीला टुडू, उप प्रमुख गोपाल कृष्ण अग्रवाल, जिला पार्षद सुभाष सिंह, मुखिया नेहा सिंह, पंसस शीला गोप आदि उपस्थित थे.




