जमशेदपुर / बोड़ाम : बोड़ाम थाना क्षेत्र के धवनी गांव में महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. घटना सोमवार शाम की थी. महिला की पहचान धवनी गांव निवासी लक्ष्मी रानी सिंह (30) के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी अनुसार महिला शादीशुदा थी और अपने दो बच्चों और पति के साथ घर पर रहती थी. पति कुली का काम करता था. सोमवार शाम जब वह घर लौटा तो देखा कि पत्नी के मुंह से झाग निकल रहा है और वह अचेत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी थी. आनन फानन में पड़ोसियों के सहयोग से उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. महिला के दो बच्चे है. वहीं पति संजय सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी की दिमागी हालत तीन महीने से ठीक नहीं था, जिस कारण उसने सोमवार शाम जहर खाकर आत्महत्या कर ली. फिलहाल पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया.



