
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है. हाथियों का झुंड आए दिन किसी ना किसी गांव में प्रवेश कर जमकर उत्पात मचा रहे हैं. इनके आतंक से ग्रामीण दहशत में है. बीती रात 13 हाथियों का झुंड गांव में प्रवेश कर रात भर जमकर उत्पात मचाया है. हाथियों के झुंड ने गांव निवासी टिंकु महतो के घर की चारदीवारी तोड़कर घर के आंगन में प्रवेश कर आंगन में रखे धान को खाकर और पैरों तले रोंद कर बर्बाद कर दिया है, वही बाइक को पटक कर क्षतिग्रस्त कर दिया है। टिंकु महतो ने बताया कि हाथियों द्वारा किए गए तोड़ फोड़ से उसे हजारों रुपए का नुकसान हुआ है. महतो ने कहा कि हाथियों के झुंड में एक शिशु हाथी है. हाथी रातभर उनके घर पर उपद्रव करते रहे. हाथियों के भय से वे अपने परिवार के साथ घर में ही दुबके हुए थे. ग्रामीणों द्वारा हाथी को भगाने का काफी प्रयास किया गया परंतु हाथियों का झुंड टस से मस नहीं हो रहा था, झुंड द्वारा धान खाकर सुबह 5 बजे गांव से निकला. ग्रामीणों ने कहा कि हाथियों का झुंड सुनसुनिया रेलवे ट्रैक पारकर राजाबासा साल जंगल की और चला गया है. हाथियों के आतंक से क्षेत्र के ग्रामीण काफी सहमे हुए हैं शाम होने के पूर्व ही ग्रामीण अपने घर की ओर लौट जा रहे हैं. वही अकेला घूम रहा हाथी लौधाशोली पंचायत के आमलागोड़ा गांव में प्रवेश कर श्यामपद बारिक के सेड को क्षतिग्रस्त कर दिया है और खाने की तलाश में दो-तीन घरों का दरवाजा भी तोड़ा है.



