पोटका : कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन में ग्रामीणों ने बच्चा चोरी के संदेह में एक महिला एवं एक पुरुष को पकड़ कोवाली पुलिस को सौंप दिया है. इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन में एक महिला एवं एक पुरूष लगभग तीन वर्ष के एक बच्चे को लेकर बैठे थे. वह बच्चा काफी रो रहा था. ग्रामीण जब उनसे पूछताछ करने पहुंच बच्चे के बारे में जानकारी मांगी तो वे इसकी सही जानकारी ग्रामीणों को नही दे पाए. (नीचे भी पढ़ें)
संतोषजनक जबाब नही मिल पाने पर ग्रामीणों को इन पर संदेह हुआ और ग्रामीणों ने उनकी जम कर पिटाई करते हुए मामले की पूरी जानकारी कोवाली पुलिस को दी. इस दौरान पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज और वार्ड सदस्य देव पालित ने बताया कि इनकी गतिविधि काफी संदेहास्पद थी. वे ना तो बच्चे का नाम बता रहे थे और ना ही अपना नाम और घर का पता सही बता रहे थे. उन पर संदेह होने के कारण मामले की जानकारी कोवाली पुलिस को देकर उन्हें पुलिस को सौंप दिया है. पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.







