जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के पुराने बसंत टॉकीज के समीप सोमवार को एक सनसनीखेज घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई. एक नशेड़ी युवक ने दुकान पर नाश्ता कर रहे एक ग्राहक पर नुकीले पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया. घायल शख्स की पहचान मानगो टैंक रोड निवासी शत्रुघ्न गोप के रूप में हुई है. पीड़ित ने बताया कि घरेलू सामान की खरीदारी के बाद वह बसंत टॉकीज के पास एक दुकान पर चना-नाश्ता कर रहे थे, इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और उनसे जबरन पैसे मांगने लगा. पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने पास में पड़ा नुकीला पत्थर उठाकर उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
हमले में शत्रुघ्न गोप के हाथ, पैर, गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर जमा हो गए. इसी बीच चौराहे पर तैनात ट्रैफिक एवं स्थानीय पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपी को खदेड़कर पकड़ लिया और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बांदर पात्रो बताया, जो साकची के देवनगर क्षेत्र का निवासी है. स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और अक्सर नशे के लिए पैसे मांगने को लेकर बाजार में दुकानदारों व राहगीरों से विवाद करता रहता है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने साकची क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता जताते हुए पुलिस से स्मैक और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार तथा इससे जुड़े असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.






