
घाटशिला : माझी परगना महाल के प्रखंड अध्यक्ष सह देश विचारक सचिव बहादुर सोरेन के साथ बीते दिनों में मऊभंडार ओपी के एसआई अनिल कुमार के द्वारा दुर्व्यवहार एवं जातिसूचक गाली गलौज करने तथा कॉलर पकड़कर जान से मारने की धमकी देते हुए ओपी परिसर से धक्का देकर निकाले जाने के खिलाफ सोमवार को परगना महाल के दर्जनों सदस्यों ने बिगुल फूंकते हुए कुतलूडीह जाहेर गाढ़ से मऊभंडार ओपी परिसर तक पदयात्रा निकाला एवं मऊभंडार ओपी के मुख्य द्वार के समीप एसआई के खिलाफ प्रदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें और देखें वीडियो)
ओपी के एसआई के खिलाफ आवाज उठाते हुए महाल के लोगों ने हमारे गांव में हमारा राज, पुलिस प्रशासन हाय हाय, जल- जंगल- जमीन हमारा है, एएसआई अनिल कुमार को निलंबित करो, माझी बाबा जिंदाबाद, एसआई अनिल कुमार होश में आओ, एसआई अनिल कुमार की मनमानी नहीं चलेगी, माझी परगना महाल जिंदाबाद, पुलिस प्रशासन होश में आओ के जमकर नारेबाजियां की साथ ही महाल के देश विचारक सचिव बहादुर सोरेन के समर्थन में विभिन्न गांव के प्रधानों ने मऊभंडार ओपी प्रभारी को एक मांग पत्र सौंपा. इस संबंध में पत्रकारों से बात करते हुए बहादुर सोरेन ने कहा कि जब तक पुलिस प्रशासन के द्वारा एसआई के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती है तब तक माझी परगना महाल एवं ग्राम प्रधानों का यह आंदोलन जारी रहेगा. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि 15 दिन की मोहलत देते हुए वरीय पुलिस अधिक्षक को कार्रवाई करने की मांग की गई थी परंतु 15 दिन बीत जाने के बाद कोई करवाई ना होते देख परगना व ग्राम प्रधानों ने यह पदयात्रा निकालने का निर्णय लिया. उन्होंने बताया कि यह काफी निंदनीय है कि महाल के एक जिम्मेदाराना व्यक्ति के साथ पुलिस के एक अधिकारी ने दुर्व्यवहार किया, जो इसे कभी भी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. इस संबंध में मऊभंडार ओपी प्रभारी रोहित कुमार ने प्रदर्शन कर रहे लोगो को कहा की वरीय पदाधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है. मौके पर सुधीर कुमार सोरेन, दला हेंब्रम, बायला मार्डी, सुराई मुर्मू, छुट्ट सिंह, बादल चौधरी, रामधन सोरेन, दाशरथी मार्डी, मनश हेम्ब्रम, लक्ष्मण मार्डी, राम चंद्र मुर्मू, किशुन मुर्मू, बबलू सोरेन, रामदास सोरेन, जोड़े मार्डी, रानीसरीन छीता सोरेन समेत काफी संख्या में महिलाएं मौजूद थी.











