
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के विभिन्न गांव में चयनित जल सहिया मंगलवार को प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बीडीओ का घेराव किया. इस दौरान उन्होंने बीडीओ से मानदेय देने की मांग की है. मौके पर जल सहिया शेफाली महतो, सुनिता राणा, दिप्ती महतो, छाया महतो, कविता महतो, बंदना माहली, मनिषा महापात्र, कल्पना नायक, बेहुला दास, अंजली महतो, चैताली महतो समेत अन्य जल सहियाओं ने कहा कि वे सभी वर्षों से प्रखंड में विभिन्न सरकारी कार्यो का सर्वे करने का काम करती आ रही हैं. कोरोना काल में भी उनसे सर्वे का काम करवाया जा रहा है, परंतु उन्हें अबतक मानदेय नही दिया गया है. इस कारण क्षेत्र में काम करने में उनके समक्ष आर्थिक स्थिति उत्पन्न हो रही है. जल सहियाओं ने कहा कि उन्हें मानदेय दिया जाए. इस संबंध में कई बार बीडीओ से मिलकर मांग की गयी है. वही जमशेदपुर के पूर्व उपायुक्त से मिलकर भी मानदेय देने की मांग की जा चुकी है, परंतु अब तक किसी भी पदाधिकारी ने इस पर पहल नहीं की है. इस कारण उन्हें मानदेय नही मिल रहा है. जल सहियाओं ने कहा कि उन्हें जल्द से जल्द मानदेय नहीं दिया गया, तो वे सभी आंदोलन करने पर बाध्य होंगी. मौके पर बीडीओ ने जल सहियाओं को आश्वस्त किया की वे इस संबंध में वरीय पदाधिकारी को अवगत करा कर मानदेय दिलाने की दिशा में उचित पहल करेंगे.







