
जमशेदपुर : जमशेदपुर केन्द्रीय दुर्गा पूजा समिति का एक प्रतिनिधिमंडल झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर इस वर्ष होने वाले दुर्गा पूजा के लिए दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया. मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय दुर्गा पूजा समिति को आश्वासन दिया कि जल्द ही दुर्गा पूजा को लेकर सरकार गाइडलाइन जारी करेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 को देखते हुए लोग विधि सम्मत कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए छोटे पैमाने पर दुर्गा पूजा का आयोजन करें. जमशेदपुर केन्द्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष चन्द्रनाथ बनर्जी एवं सचिव अरुण सिंह ने मुख्यमंत्री के इस आश्वासन के लिए आभार जताया. इस दौरान केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के लोगों ने एक ज्ञापन सौंपा. इस ज्ञापन में कहा कि केन्द्रीय दुर्गा पूजा समिति, जमशेदपुर सैकड़ों सालों से जमशेदपुर में दुर्गा पूजा आयोजन करने में महती भूमिका निभाती आई है. शांतिपूर्ण तरीक़े से पूजा सम्पन्न करवाने व सम्बन्धित सरकारी दिशा-निर्देशों के पालन करवाने में समिति पूजा पंडालों एवं प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के काम करती है. पश्चिम बंगाल के बाद झारखण्ड में ही दुर्गा पूजा का त्योहार ज्यादा धूमधाम से मनाया जाता है. जमशेदपुर में तो लोग साल भर दुर्गापूजा आने का इंतज़ार करते है. केवल शहर में ही 350 से ज्यादा भव्य पूजा पंडाल बनाये जाते है. इस साल भी अब दुर्गा पूजा आने में ज्यादा समय नहीं है, लेकिन कोरोना के हालातों के देखते हुए लोग चिंता में है कि इस साल दुर्गा पूजा का आयोजन किस तरह होगा. पूजा का आयोजन लोगों के लिए धार्मिक भावना का परिचायक है, इसे लोग किसी भी तरह मनाना चाहते है. ज्ञापन में कहा गया है कि पूजा कमिटियां दुर्गा पूजा की तैयारी करना चाहती है, वही कलाकारों ने प्रतिमाएं भी बना ली है, लेकिन प्रसाशन की तरफ से स्पष्ट दिशा-निर्देश ना प्राप्त होने के कारण श्रद्धालु पशोपेश में है. पूजा सामग्री, ढाकी और भोग दुर्गा पूजा के महत्वपूर्ण बिंदु है, जिनके बिना पूजा की कल्पना नही की जा सकती है. देश के अन्य राज्यों में दुर्गा पूजा को लेकर सरकार ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए है. इस कारण यह आग्रह किया गया है कि जनभावना को देखते हुए यथाशीघ्र निर्देश जारी किया जाये. इन लोगों ने कहा है कि केंद्रीय दुर्गा पूजा कमिटी झारखण्ड सरकार से आग्रह करती है कि सरकार यथाशीघ्र पूजा के आयोजन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करें. केंद्रीय दुर्गा पूजा कमिटी भी कारोना महामारी के मद्देनजर भव्य पंडाल बनाने की जगह सीमित तरीके से छोटे-छोटे आयोजन कर पूजा के धार्मिक व अनिवार्य अनुष्ठानों को पूरा करने की सलाह देती है. सरकार से इन लोगों ने आग्रह किया है कि सभी पहलुओं पर विस्तार से सोचकर यथाशीघ्र दिशा-निर्देश जारी करे, जिससे श्रद्धालुओं के बीच भ्रम की स्थिति न उत्पन्न हो सके. समिति ने आग्रह किया है कि देश के दूसरे राज्यों की तरह ही जरूरी दिशा-निर्देशों के साथ झारखंड के पूजा स्थलों को भी खोलने की अनुमति दी जाए.







