जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के खोखरो स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में रविवार को महिला समूहों की सक्रिय सदस्यों की बैठक आयोजित हुई. बैठक में गांव में अवैध रूप से संचालित शराब भट्ठियों को बंद कराने पर विस्तार से चर्चा हुई. महिला समूह की सदस्यों ने सामूहिक रूप से गांव से अवैध शराब के कारोबार को खत्म कराने का संकल्प लिया. महिला समूह की सदस्य मंजूबाला महतो ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से गांव में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से शराब का कारोबार किया जा रहा है. शराब के कारण कई परिवारों में आए दिन अशांति का माहौल बना रहता है. नशे की हालत में पति-पत्नी के बीच मारपीट की घटनाएं होती हैं, जिसका प्रतिकूल प्रभाव बच्चों और पूरे समाज पर पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण कई लोगों की असमय मौत भी हो चुकी है. शराब का सेवन परिवार की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में बड़ी बाधा बन रहा है. ऐसे में गांव में संचालित अवैध शराब भट्ठियों को हर हाल में बंद कराया जाएगा. बैठक में निर्णय लिया गया कि महिला समूह सामूहिक रूप से इस दिशा में पहल करेगा. जरूरत पड़ने पर अवैध शराब के कारोबार को बंद कराने के लिए प्रशासन और पुलिस का भी सहयोग लिया जाएगा. बैठक में ग्राम प्रधान संतोष सिंह, जनार्दन सिंह, शांति सिंह, सोमवारी सिंह, आलोचना सिंह, गुरुवारी सिंह, शिवानी सिंह, भादू सिंह, मंजू वाला महतो समेत महिला समूह के अन्य सदस्य उपस्थित रहीं.




