जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र स्थित राणा प्रताप गोल चक्कर के पास सोमवार रात एक तेज रफ्तार कार ने एक स्कूटी को ठोकर मार दी, जिससे स्कूटी में सवार महिला एवं पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गये हैं. उन्हें इलाज के लिए टीएमएच भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
बताते हैं कि कार में तीन युवक सवार थे और चालक सहित तीनों युवक नशे में धुत थे. कार चला रहा युवक बहुत तेजी से कार चला रहा था. इसी बीच पुराना कोर्ट राणा प्रताप चौक के पास तेज अनियंत्रित कार ने आगे जा रही एक स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया. कार के धक्के से बाइक पर सवार महिला एवं पुरुष गाड़ी से गिर कर गंभीर रूप से जख्मी हो गये. स्कूटी सवार संतोष कुमार एवं खुशबू देवी दोनों पति-पत्नी हैं जो साकची से अपने घर मानगो लौट रहे थे. दोनों को इलाज के लिए टीएमएच भेजवाया गया है. दूसरी ओर, इसी दौरान कार में सवार नशे में धुत दो युवक वहां से खिसक लिये, जबकि कार चला रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया एवं उसकी जम कर धुनाई कर दी. इसी बीच सूचना पाकर पुलिस भी वहां पहुंची. मारपीट कर रहे लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. इस सड़क हादसे में स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है.



