
सरायकेला : वैश्विक संकट के बीच जारी लॉकडाउन में मजदूरों का पलायन जारी है. वहीं साधन नहीं मिलने से मजदूर पैदल ही अपने गावों की ओर निकल पड़े हैं. वैसे मजदूर चेक नाकों पर तैनात पुलिसकर्मियों को चकमा देकर निकल रहे हैं. इधर देर रात जमशेदपुर के हल्दीपोखर से छत्तीसगढ़ के लिए 18 मजदूर परिवार सहित आदित्यपुर पहुंचे. जहां आशियाना ट्रेड सेंटर के समीप सहारा इंडिया के कार्यालय के नीचे आराम करते देखे गए. हालांकि मजदूर काफी थके और भूखे नजर आए.

जिसकी सूचना मिलते ही उद्गम संस्था के सदस्य इन मजदूरों को भोजन पानी वगैरह का प्रबंध करते देखे गए. इस संबंध में मजदूरों ने बताया कि उनके पास ना तो पैसे बचे ना ही खाने- पीने का सामान. प्रशासन उन्हें उनके गावों तक जाने की इजाजत नहीं दे रही तो अब दूसरा कोई विकल्प नहीं बचा हम लोग पैदल ही अपने गांव की ओर जा रहे हैं. हालांकि इस संबंध में आदित्यपुर पुलिस को जानकारी मिली जरूर लेकिन उन्होंने इन मजदूरों का सुध लेना जरूरी नहीं समझा. वैसे पूरे मामले की जानकारी सरायकेला एसडीओ को दे दी गई है. वहीं उन्होंने जमशेदपुर प्रशासन पर मजदूरों को चेक नाकों पर बगैर जांच के जिला में प्रवेश कराने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा लॉक डाउन रहने के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में आखिर मजदूर कैसे आ गए. वैसे इसमें आदित्यपुर खरकई ब्रिज पर बने चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस कर्मियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है.






