
जमशेदपुर : जमशेदपुर में बढ़ते कोरोना मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारी और जिला पुलिस बल लगातार कोरोना के गाइडलाइन का पालन करवाने में जुटे हुए हैं. पुलिस दिन रात इसकी रोकथाम के लिए कार्य कर रही है. एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन लोगों को कोरोना के गाइडलाइन का पालन करवाने में लगे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर जिले के उपायुक्त सूरज कुमार भी इस पर नजर रखे हुए है. शनिवार को एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने जिले की जनता के लिए एक संदेश जारी किया, जिसके माध्यम से उन्होंने लोगों से कोरोना को लेकर सतर्कता बरतने और बेवजह घर से बाहर न निकलने की अपील की है. (नीचे भी पढ़ें)
एसएसपी डॉ वाणन ने कहा है कि लोग मास्क को मुंह और नाक को ढंक कर अच्छी तरह से पहने. मास्क अपने और अपने परिवार के बचाव के लिए पहनें, न कि पुलिस से बचने के लिए. उन्होंने कहा की लोग बेवजह घर से न निकलें. नौकरी-पेशा लोग घर से निकलते समय आईडी कार्ड अवश्य रखें. अगर आप दवाई खरीदते हैं तो उसकी रसीद अपने पास रखें. होटल से खाना लेने के लिए निकल रहे हैं तो घर के पास के होटल से खाना पैक करवाएं न कि दूर के होटल से. उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति ऑक्सीजन सिलेंडर भाड़े पर लेते हैं उन्हे खत्म होने पर वापस कर दें. ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ पुलिस मामला दर्ज कर कार्रवाई कर सकती है. उन्होंने जनता से कोरोना की गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है.















