
जमशेदपुर : जमशेदपुर में आत्महत्या एक बड़ी चिंता का विषय बन चुका है. यह थमने का नाम नहीं ले रहा है. जमशेदपुर में मंगलवार को दो लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पहली घटना बागबेड़ा थाना क्षेत्र की है जहां रानीडीह की रहने वाली 21 वर्षीय महिला आरती हेंब्रम ने दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली. मंगलवार की सुबह परिजनों को घटना कि जानकारी मिलने पर परिजनों ने इसकी सूचना बागबेड़ा पुलिस को दी. बागबेड़ा पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस को परिजनों ने बताया कि आरती हमेशा किसी बात को लेकर तनाव में रहती थी. उससे पूछने पर वह किसी को कुछ बताती भी नहीं थी. इस मामले में परिजनों के बयान पर बागबेड़ा थाना में अस्वाभविक मौत का मामला दर्ज किया गया है. वहीं दूसरी घटना कदमा थाना क्षेत्र का है जहां कदमा शास्त्री नगर रोड नंबर 2 निवासी 18 वर्षीय निरूम हक ने कपड़े का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली. परिजन घटना की सूचना मिलने पर उसे फंदे से उतारकर टीएमएच अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना पाकर पुलिस मृतका के घर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की. इस संबंध में कदमा थाना में परिजनों के बयान पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कराया गया है.

















