जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बस्ती बागुननगर में सोमवार को एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान अभिजीत विश्वास (26) के रूप में हुई है घटना दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है, जब अभिजीत ने घर के कमरे को अंदर से बंद कर लिया और फंदे से झूल गया. परिजनों को घटना की जानकारी उस समय हुई जब उसके बड़े भाई अमित विश्वास को शक हुआ. खिड़की से झांकने पर उन्होंने अभिजीत को फंदे से लटका देखा. इसके बाद आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया और तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. (नीचे देखे पूरी खबर)
घटना की सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस संबंध में अमित विश्वास के बयान पर थाना में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है. परिजनों के अनुसार, अभिजीत पहले दिल्ली में गैस कटिंग का काम करता था. नवंबर महीने में बड़े पिताजी के निधन के बाद उसे वापस जमशेदपुर बुला लिया गया था. यहां वह अपने भाई के साथ कैटरिंग का काम कर रहा था. इसी दौरान वह गलत संगत में पड़ गया और उसे नशे की लत लग गई. बताया जाता है कि नशे की आदत को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था, जिससे वह मानसिक रूप से तनाव में रहने लगा था. आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.



