जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत पारडीह स्थित केला बागान के पास शनिवार को एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान सोहेल शेख (23) के रूप में हुई है. वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का रहने वाला था और बीते करीब छह महीने से मानगो के केला बागान इलाके में रहकर काम कर रहा था.मिली जानकारी के अनुसार सोहेल की कुछ महीने पहले ही शादी हुई थी. बताया जा रहा है कि शनिवार को किसी बात को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई थी. इसी विवाद के बाद सोहेल ने कमरे में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.(नीचे भी पढ़े)
घटना का पता उस समय चला जब उसकी पड़ोसी घर के अंदर पहुंची. कमरे में प्रवेश करते ही उन्होंने देखा कि सोहेल पंखे से लटका हुआ है लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.पुलिस मामले की जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर इसे पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला माना जा रहा है. पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.







