
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना अंतर्गत काशीडीह स्थित एक होटल में ठहरे कुमार मंगलम (29) की मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई. उसके साथियों ने उसे तत्काल इलाज के लिए साकची के लाइफ लाइन अस्पताल में भर्ती कराया जहां स्थिती बिगड़ने पर उसे टीएमएच रेफर कर दिया गया. टीएमएच अस्पताल ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई. फिलहाल मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है. मिली जानकारी के अनुसार मृतक सोमवार को बाराद्वारी में हुए एक शादी समारोह में बाराती बनकर शामिल होने आया था. साकची के होटल स्पैक एंड स्पैन में लगभग 40 बाराती ठहरे हुए थे. रात को सभी ने शराब पी. सुबह कुमार मंगलम की तबीयत अचानक बिगड़ गई. वह खुन की उल्टी करने लगा. उसे इलाज के लिए ले जाया गया. रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
एक माह पहले ही रांची में हुई थी सगाई
मिली जानकारी के अनुसार मृतक कुमार मंगलम की एक माह पहले ही रांची की एक युवती के साथ सगाई हुई थी. इस मामले में होटल प्रबंधन ने बताया कि रविवार को उनका होटल बुक हुआ था. उनके होटल में 40 लोग ही ठहरे थे. इसके अलावा मृतक के बारे में उन्हे कोई जानकारी नहीं है. शव को टीएमएच के शीत गृह में रखा गया है. परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा.







