
जमशेदपुर : जमशेदपुर में 89 शिक्षको के तबादले का मामला तूल पकड़ने लगा है. जहां अखिल झारखंड छात्र संघ ने 89 शिक्षकों के तबादले को न्यायालय का अवमानना बताते हुए जिले के उपायुक्त से मामले की जांच करा दोषी जिला शिक्षा अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है. इसको लेकर संघ का एक प्रतिनिधिमंडल जिला मुख्यालय पहुंच उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपते हुए बताया कि पिछले जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा इन शिक्षकों का तबादला कर दिया गया था, न्यायालय के रोक के बाद 17 जुलाई 2019 को शिक्षा निदेशालय ने शिक्षकों के तबादले पर रोक लगाते हुए तत्कालीन जिला शिक्षा अधीक्षक बांके बिहारी सिंह का तबादला कर दिया था. वहीं एक बार फिर से वर्तमान जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा न्यायालय के रोक के बावजूद उन्ही शिक्षकों का फिर से तबादला कर दिया गया. जबकि सभी शिक्षक गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं. संघ ने जिले के उपायुक्त से मामले की गंभीरता को देखते हुए अपने निर्देशन में पूरे मामले की जांच कराए जाने की मांग की है. फिलहाल जमशेदपुर में शिक्षकों के तबादले को लेकर राजनीति गर्म है.







