
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को सबुज कल्याण में सोमवार की दोपहर जेल से छूटे रंजीत सिंह उर्फ रंजीत सरदार की हत्या में चार अपराधी शामिल थे. इस घटना में शामिल चार अपराधियों में से एक शोले है जिसको ओलीडीह से गिरफ्तार किया गया हैँ. शोले की तलाश में जमशेदपुर एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में बीती रात दो बजे से मानगो के उलीडीह में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई. इसके जवाब में शोले ने भी उलीडीह में गोली चलाई जिसको लेकर सुबह खबर सुर्खियों में छाई रही. पुलिस से भागते-भागते शोले को मानगो गंगा मेमोरियल घुस गया था. इस दौरान गिरने से उसका पैर भी टूट गया. पुलिस ने शोले को सुुबह ही गंगा मेमोरियल से गिरफ्तार कर लिया और फिलहाल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल के कैदी वार्ड में रखा गया है. शोले के साथी फरार हो गए हैं. एसएसपी प्रभात कुमार ने शार्प भारत को ये तमाम जानकारियां दीं. उन्होंने बताया कि टेल्को रंजीत हत्याकांड के तीन अन्य आरोपियों की पहचान हो गई है और वे जल्द गिरफ्त में होंगे. एसएसपी ने बताया कि शोले टेल्को और उलीडीह दोनों कांडों में शामिल है, लेकिन दोनों घटनाक्रम का कोई कनेक्शन नहीं है. पुलिस से भागने के क्रम में ही शोले ने गोली चलाई. उन्होंने बताया कि घाघीडीह जेल में हुए विवाद को लेकर ही टेल्को में रंजीत की हत्या तब की गई है, जब वह जेल से बाहर आ गया. पुलिस की पूछताछ में शोले ने बताया है कि उसके साथ तीन और अपराधी थे जिनके नाम का खुलासा हुआ है. वैसे एसएसपी ने किसी तरह के किसी अन्य गिरोह की जानकारी से इंकार किये है.






