
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना अंतर्गत ट्यूब डिवीजन के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में शनिवार को मिले शव की पहचान कर ली गयी है. मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंच कर पहचान की. मृतक की पहचान गोलमुरी नामदा बस्ती निवासी मनोज कुमार के रूप में की गई है. मृतक की पत्नी ललिता देवी और बेटे सुजीत ठाकुर ने मनोज के पहनावे और बेल्ट से उसकी पहचान की. मृतक की पत्नी ने बताया कि उनके पति की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. उन्होंने इस मामले में किसी पर आरोप नही लगाया है. वह इसे मात्र एक दुर्घटना मान रही हैं. बता दें कि शनिवार को ट्यूब डिवीजन के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में एक व्यक्ति का शव तैरता पाया गया था. शव सड़ गल गया था जिससे उसकी पहचान मुश्किल थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया था. इधर पुलिस को जानकारी हुई थी कि गोलमुरी नामदा बस्ती से 29 जून से मनोज कुमार गायब है. मनोज भी ट्यूब डिवीजन में काम करते थे. इसके बाद परिजनों को सूचित कर शव की पहचान कराई गई.



