
जमशेदपुर : नेशनल यूनिटी डे के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई थी. जमशेदपुर उपायुक्त ने शुक्रवार को इसके चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने ईनाम जीतनेवाली तीसरी कक्षा के छात्रा की विशेष सराहना की एवं उसके उज्जयल भविष्य की कामना की. वहीं बीते चार महीने के दौरान काम के दबाव के बीच ट्विटर पर मिले गंभीर शिकायतों का निपटारा करने वाले कर्मचारियों को भी जिले के उपायुक्त ने सम्मानित किया. उन्होंने इसके लिए सभी कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की. माह सितंबर के लिए जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार, अक्टूबर माह के लिए विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी नवीन कुमार, नवंबर माह में जनशिकायतों के निपटारे हेतु सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा अमरेन्द्र कुमार वहीं दिसंबर महीने में ट्वीटर से प्राप्त शिकायतों का शत प्रतिशत निष्पादन करने के लिए सिविल सर्जन डॉ आरएन झा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. ऑनलाइन पेंटिग प्रतियोगिता के विजेताओं की सराहना करते हुए उपायुक्त ने कहा कि आप अपने जीवन में और आगे बढ़ें, प्रशस्ति पत्र देने का उद्देश्य आपकी कला को प्रोत्साहित करना है. गौरतलब है कि राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर ‘एकता’ थीम पर आयोजित पेंटिग प्रतियोगिता की प्रथम विजेता रविना राजेन्द्र जाधव, द्वितीय विजेता राजीव रंजन शर्मा तथा तृतीय विजेता रिमिल हेंब्रम रहीं. उपायुक्त ने सभी विजेताओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनायें देते हुए उनका मार्गदर्शन भी किया। इस मौके पर पेंटिग प्रतियोगिता के विजेताओं के परिजन भी मौजूद रहे.




