
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई के चौक बाजार स्थित सत्यनारायण ठाकुरबाड़ी मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का आयोजन किया गया है. यह आयोजन मंदिर और मारवाड़ी समाज के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है. कथा का आयोजन पिछले 27 अगस्त से चल रहा है, जो दो सितंबर तक चलेगी. पंडित श्रवण कुमार जोशी के सान्निध्य में आयोजित इस कथा सप्ताह में वृंदावन (उत्तर प्रदेश) से पधारे पंडित संतोष कृष्ण त्रिपाठी व पं विपिन कृष्ण त्रिपाठी श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसास्वादन करा रहे हैं.
पंडित श्रवण कुमार जोशी ने बताया कि यह आयोजन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर किया गया है. वहीं इस अनुष्ठान के पांचवें दिन दोपहर 3:00 से शाम 6:00 बजे तक श्रीराम जन्म की कथा हुई, जिसने श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया. वहीं रात 9:00 से 12:00 बजे तक श्रीकृष्ण जन्म की कथा होगी.




