
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट के मुख्य गोलचक्कर पर की नवीन जनरल स्टोर नामक एक दुकान से चोरों ने हजारो मूल्य के समान और नगद की चोरी कर ली. उक्त दुकान भाजपा नेता अप्पा राव की है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चोरों ने दुकान के छत का टीना हटाया, उसके बाद दुकान के अंदर प्रवेश किया और फिर चोरी कर आसानी से निकल गए. यह दुकान टिनप्लेट के मुख्य गोलचक्कर के सद्भावना मार्केट में है. यहां से टिनप्लेट कंपनी के सुरक्षाकर्मियों की गश्ती गाड़ी गुजरती है. एकदम मेन रोड पर यह दुकान है. इस सड़क से गोलमुरी थाना की गश्ती जीप अक्सर गुजरती है. दुकान से सटा हुआ गोलमुरी पुलिस की टीओपी है और आसपास चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था होने का दावा किया जाता है, जहां चोरों ने इस तरह की हिम्मत दिखाई है. इस घटना ने पुलिस की तत्परता और किस तरह की पुलिस की गश्ती हो रही है उसकी भी पोल खोल दी है. इस संबंध में गोलमुरी थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. भाजपा नेता अप्पा राव ने बताया कि यह घटना इसलिए दुर्भाग्यपूर्ण नहीं कि उनके साथ यह घटना घटी बल्कि दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि बगल में टीओपी है, मेन रोड है, गोलमुरी थाना आधा किलोमीटर की दूरी पर है, तब भी चोरों में पुलिस का भय नहीं है और चोर चोरी करके आराम से निकल जाते हैं, जो सीधे तौर पर पुलिस को चुनौती है.







