जमशेदपुर : अपराधी तो अपराधी उचक्के भी जमशेदपुर पुलिस को इन दिनों आंख दिखा रहे हैं. शहर का कोना-कोना उच्चको के आतंक से त्रस्त है. खासकर रिहायशी इलाकों में यदि उचक्के तांडव करें तो पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठना लाजिमी है. आपको बता दें सोमवार की सुबह जहां बिष्टुपुर थाना अंतर्गत सर्किट हाउस गोल चक्कर के समीप राह चलती महिला से उच्चको ने बैग छीनने का प्रयास किया, वही दिनदहाड़े एसएसपी कार्यालय के समीप फेरी कर रहे एक दुकानदार का साइकिल एक उचक्का ले उड़ा, हालांकि एक उचक्के को स्थानीय लोगों ने धर दबोचा, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
वैसे सुबह की घटना में भी उचक्का पुलिस के हाथ लग गया. सुबह जहां उपायुक्त एवं एसएसपी आवास के समीप महिला से छिनतई का प्रयास किया गया, वहीं दिनदहाड़े जिला मुख्यालय के समीप छिनतई की हैं. आपको याद दिला दें कि शहरवासियों के जेहन से अपराधियों के खौफ को कम करने के उद्देश्य से पिछले दिनों जमशेदपुर के सिटी एसपी ने अपराधकर्मी कन्हैया सिंह को बीच सड़क पर दिनदहाड़े कमर में रस्सी लगाकर न्यायालय में पेश करने पहुंचे थे. मगर बड़े अपराधी क्या छोटे- मोटे अपराधी भी पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं. हालांकि ये सभी अपराधी नशेड़ी गैंग के हैं, जो ब्राउन शुगर, अफीम, शराब और गांजा के लिए इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं. जिस पर नकेल कसना पुलिस के लिए दिनोंदिन चुनौती बनती जा रही है.



