चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम के चाईबासा के जेटेया थाना अंतर्गत सुकरीपाड़ा गांव के रहने वाले उग्रवादी संगठन भाकपा के किसन केराई उर्फ किसन डुकरे को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि किसन माघे पर्व मनाने अपने गांव आने वाला है. जिसके आधार पर पुलिस ने पहले से ही सारी तैयारियां कर ली थी. प्रशासन और सशस्त्र बल के जवानों ने अभियुक्त के घर की घेराबंदी की और किसन को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार होने के बाद किसन ने अपने बयान में यह स्वीकार किया कि वह उग्रवादी दस्ते में रहकर विभिन्न अपराधों में संलिप्त था. विदित है कि किसन पर इससे पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.




