जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में चोर आए दिन पुलिस को चुनौती दे रहे हैं. पुलिस एक कांड का उद्भेदन कर वाहवाही बटोरटी ही है कि चोर क्षेत्र में दूसरे कांड को अंजाम दे देते हैं. नए मामले में सिदगोड़ा एन-6 तुलाई रोड क्वार्टर नंबर 165 निवासी अरविंद कुमार सिंह के बंद क्वार्टर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के सोने व चांदी के आभूषण व नगदी पर हाथ साफ कर दिया. घटना पिछले 26 अगस्त से 8 सितंबर के बीच की है बतायी जाती है. (नीचे भी पढ़ें)
अरविंद सपरिवार बेंगलुरु गए हुए हैं. उनके क्वार्टर का ताला टूटा देखकर पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी. इसके बाद विजया गार्डेन में रहने वाले उनके समधी श्रीकांत सिंह सिदगोड़ा क्वार्टर पहुंचे तो देखा कि मेन दरवाजे से लेकर अलमीरा तक के ताले टूटे हुए हैं. सामान बिखरा पड़ा है और गायब भी है. इसके बाद श्रीकांत सिंह ने सिदगोड़ा पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन करने के बाद अज्ञात के खिलाफ थाना में मामला दर्ज कर लिया है.





