
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना अंतर्गत जुस्को के बिल कलेक्शन सेंटर के पास एक ऑटो ने स्कूटर को टक्कर मार दी. इससे स्कूटर सवार गोलमुरी टुईलाडुंगरी निवासी मो वसिरुद्दीन (84) घायल हो गए. टक्कर मारने के बाद ऑटो चालक ऑटो लेकर फरार हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हे इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना बुधवार दोपहर तीन बजे की है. मृतक के शव को टीएमएच के शव गृह में रखवा दिया गया है. मिली जानकारी के अनुसार मृतक टाटा स्टील से सेवानिवृत कर्मचारी है. उनके बेटे झामुमो के जिला सह सचिव निजामुद्दीन ने बताया कि पिताजी अपने स्कूटर से टीएमएच अस्पताल में दवाई लेने जा रहे थे. जुस्को बिल कलेक्शन सेंटर के पास ऑटो ने टक्कर मार दी औऱ मौके से फरार हो गया. फिलहाल घटना स्थल के पास मौजूद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ऑटो की पहचान की जा रही है.

सोनारी भूतनाथ मंदिर के पास तेज रफ्तार कार डिवाईडर से टकराकर स्कूटी से टकराई , स्कूटी सवार घायल
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत भूतनाथ मंदिर के पास बुधवार रात एक तेज रफ्तार कार डिवाईडर से टकराते हुए सामने से आ रहे स्कूटी से टकरा गई जिससे स्कूटी सवार युवक घायल हो गया. घटना के बाद आसपास काफी भीड़ जमा हो गई थी. स्थानीय लोगों के मदद से घायल युवक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

युवक की स्थिती गंभीर बनी हुई है, वहीं कार सवार दो युवकों को पुलिस पकड़कर थाना ले गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि एक तेज रफ्तार कार टोल ब्रिज की ओर से आ रही थी. भूतनाथ मंदिर के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाईडर से टकराते हुए दुसरी ओर सड़क पर जा पहुंची, जहां सामने से आ रहे स्कूटी सवार को उन्होने टक्कर मार दी.
लोगो ने बताया कि कार में दो लोग सवार थे, दोनों ही काफी नशे में थे. बाद में एक और युवक मौके पर पहुंचा और कार को लेकर फरार हो गया. फिलहाल पुलिस ने दोनों युवकों को थाना में रखा हुआ है.

सोनारी कागलनगर में बाइक सवार ने मारी कार में टक्कर, दो घायल
इसी तरह सोनारी कागलनगर में बाइक सवार युवक ने एक कार में टक्कर मार दी, जिससे दो लोग घायल हो गये. घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. वहां मौजूद कांग्रेस नेता बंटी शर्मा ने बताया कि कागलनगर के जोजो पान दुकान के पास का यह हादसा है. वहां एक कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गयी. इसके बाद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचा. घायलों की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है.







