
जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना लेक परिसर में शनिवार से साहसिक पर्यटन महोत्सव का आयोजन किया गया. पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे यह महोत्सव दो मार्च तक चलेगा. इसमें ट्रैकिंग, पारा सेलिंग, क्लाइम्बिंग, रोप कोर्स, बोटिंग आदि शामिल है. मौके पर उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्वी जमशेदपुर विधानसभा के विधायक सरयू राय के अलावा अन्य लोग शामिल हुए.

इस दौरान बच्चो में काफी उत्साह देखा गया. इसके लिए उपायुक्त ने अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक कर साहसिक पर्यटन महोत्सव को सफल बनाने के बारे में बातचीत की थी. उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला ने बताया कि इसका जिम्मा राची की एक एजेंसी को दिया गया है. इसके लिए कुल 15 लाख रुपये खर्च किए जा रहे है. हाई स्कूल के विद्यार्थी, स्काउट एवं गाइड के कैडेट और आम जनता निबंधन कराकर इसका लुफ्त उठा सकती है. यह सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा.

जमशेदपुर के लोगों में एडवेंचर को बढ़ावा देने के लिए इसका आयोजन किया गया है. इसमें मुख्य रुप से साहसिक पर्यटन महोत्सव की विवरणी बनाना राइड, वेक बोर्डिंग, वाटर रोलर, कयाकिंग, क्रॉसिंग, चढ़ाई, रैपलिंग, रोप कोर्स , ट्रेकिंग,पैरासेलिंग, पैरामोटर जैसे रोमांच से भरे खेलों को शामिल किया गया है.







