
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जिला सभागार में उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी सूरज कुमार की अध्यक्षता में जमशेदपुर जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं यातायात व्यवस्था से संबंधित समीक्षा बैठक आहूत की गई. उपायुक्त द्वारा सड़क दुर्घटनाओं से मौत के मामलों में कमी लाने के उद्देश्य से वाहन सवारों द्वारा हेल्मेट तथा सीट बेल्ट का प्रयोग किया जा रहा है या नहीं, इसकी सघन जांच का आदेश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया. फरवरी माह में 35 सड़क दुर्घटनाएं हुई है जिनमें 19 में मौत का मामला सामने आया है. उपायुक्त द्वारा जिला परिवहन पदाधिकारी एवं यातायात पुलिस उपाधीक्षक को निदेशित किया गया कि उक्त मौत के मामलों में संबंधित बाइक सवार हेल्मेट तथा कार सवार सीट बेल्ट लगाये थे या नहीं इसकी जांच कर प्रतिवेदन समर्पित करें. साथ ही जिला परिवहन पदाधिकारी को एक सॉफ्टवेयर डेवलप कराने का निर्देश दिया गया जिससे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से ऑनलाइन जुर्माने की राशि वसूला जा सके. उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी सूरज कुमार द्वारा प्रत्येक माह कैंप लगाकर ऑटो एसोसिएशन से निबंधित ऑटो चालकों का स्वास्थ्य जांच कराने का निर्देश दिया गया. साथ ही ऑटो चालकों का राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं गोल्डन कार्ड बनाने हेतु भी कैंप लगाने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि विद्यालयों में प्रतिदिन छुट्टी होने के बाद विद्यालय प्रबंधन ये जांच करे कि कितने बच्चे वाहन से आते हैं तथा सभी हेल्मेट या सीट बेल्ट का प्रयोग करते हैं या नहीं, साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को इस कार्य के अनुश्रवण का निर्देश दिया गया. वहीं कोचिंग संस्थानों में भी पढ़ने वाले बच्चों के वाहन प्रयोग के दौरान सुरक्षा उपकरणों (हेल्मेट/सीट बेल्ट) के उपयोग के जांच का निर्देश दिया गया. उपायुक्त द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि ऑटो चालक वर्दी पहनना सुनिश्चित करेंगे. फिलहाल लगभग 3500 ऑटो चालक ड्रेस कोड का अनुपालन कर रहे हैं, इसे शत प्रतिशत कराने का निर्देश दिया गया. सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल को सड़क पर बने बंपर एवं सड़क किनारे के सभी पेड़ों की अच्छे से रंगाई कराने का निर्देश दिया. जुस्को को सड़क दुर्घटनास्थलों का विजिट कर आवश्यक मरम्मतीकरण कराने का निर्देश दिया गया. एक अप्रैल के पश्चात सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी को सड़कों का निरीक्षण कर उसमें क्या कमी हैस इसकी जांच रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया. वहीं ड्रिंक एवं ड्राइव पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से होली के त्यौहार को देखते हुए ब्रेथ एनालाईजर से जांच करने का निर्देश दिया गया. बैठक में उप विकास आयुक्त परमेश्वर भगत, जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन, मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय, एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर कर्नल अजय कपूर, सड़क सुरक्षा सेल के पदाधिकारी व अन्य संबंधित पदाधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे.





