
जमशेदपुर : स्थानीय परिसदन में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सांसद सह जिला सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष विधुत वरण महतो एवं रविन्द्र तिवारी (सदस्य, राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा परिषद, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय) की संयुक्त अध्यक्षता में हुई. बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा एवं निर्माण कार्य से संबंधित अधतन स्थिति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. विषय प्रवेश कराते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन ने बताया कि फिलहाल जमशेदपुर में 19 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिससे जुड़ी समस्याओं का निष्पादन किया जाना है. इस बाबत जुस्को के प्रतिनिधियों ने बताया कि पूर्व में चिन्हित 17 ब्लैक स्पॉट में से 13 पर आवश्यकतानुसार कार्य किए जा चुके हैं, शेष 4 पर कार्य जारी है.
बैठक में किस ब्लैक स्पॉट पर क्या समस्या है तथा क्या समाधान किया जाना है इस पर विमर्श किया गया. बैठक में डीएसपी ट्रॉफिक शिवेन्द्र ठाकुर, मानगो नगर निगम के सिटी मैनेजर, सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे. नगर निकाय ये सुनिश्चित करें कि सड़कों पर गाड़ी पार्क न हो : बैठक के पश्चात पत्रकारों से बातचीत के क्रम में सदस्य, राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा परिषद रविन्द्र तिवारी ने बताया कि एनएच-33 में 2.5 किमी के क्षेत्र में जमीन अधिग्रहण से जुड़ी समस्या का आज जमशेदपुर सांसद, जिला परिवहन पदाधिकारी, संवेदक के साथ स्थलीय निरीक्षण किया गया एवं इस संबंध में क्या कदम उठाए जाने हैं इस पर विमर्श किया गया.
सड़क सुरक्षा को लेकर सांसद विद्युत वरण महतो ने बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज के पास के गोलंबर को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई के सुझाव दिये. सदस्य, राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा परिषद ने कहा कि जमशेदपुर शहर के तीनों नगर निकाय ये सुनिश्चित करें कि सड़कों पर गाड़ी पार्क न हो. साथ ही वाहन चेकिंग को लेकर उन्होने कहा कि ट्रॉफिक पुलिसकर्मी या पदाधिकारी ये सुनिश्चित करें कि कोई भी वाहन सवार बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के वाहन न चलायें.







