जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित पुलिस लाईन में हुए ट्रिपल मर्डर की गुत्थी लगभग पुलिस ने सुलझा ली है. इस कांड में एसएसपी के ड्राईवर समेत छह लोग हिरासत में लिए गए है, जिनसे हुई पूछताछ में मामला साफ हो चुका है. एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा है कि कातिल गिरफ्त में है और शनिवार को पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर दिया जाएगा. एसएसपी के ड्राईवर की संलिप्तता पर उन्होंने कहा कि ड्राईवर की हत्या में संलिप्तता नहीं लेकिन प्रेमी होने की बात स्वीकारी है. जिस तरह से हत्या को अंजाम दिया गया और पड़ोसियों को भनक नहीं लगी उससे इस बात को बल मिलता है कि नशीला पदार्थ खाने में मिलाकर बेहोश कर दिया होगा. जिस तरह से तीनों लाशों पर चाकू या तेज हथियार से मारने के जगह जगह निशान हैं और घटनास्थल पर संघर्ष के कोई चिन्ह नहीं मिले है उससे यही प्रथम दृष्ट्या प्रतीत होता है कि बेहोशी की हालत में ही हत्या की गई होगी. यही वजह रही होगी कि आस पास किसी ने कोई आवाज़ नहीं सुनी. बीती रात यानि गुरूवार की रात जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित पुलिस लाईन के फ्लैट में कांस्टेबल सबिता, बेटी गीता हेंम्ब्रम और मां लखिया मूर्मू की लाशें मिली जिससे सभी सन्न रह गए.चाकू या किसी चीज़ से तीनों की हत्या कर दी गई. हत्यारा बाहर से दरवाज़ा बंद करके चला गया. दो दिनों तक ड्यूटी न आने पर दोस्तों और फोन न उठाने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की तब ये मंज़र सामने आया. घटना की सूचना पर एसएसपी प्रभात कुमार और वरीय पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए थे. वहीं रांची से एफएसएल की टीम आधी रात को पहुंची. पुलिस के अनुसंधान में यह बातें सामने आयी है कि कांस्टेबल सविता के एक से ज्यादा प्रेमी थे और मोबाइल पर वह कई लोगों से बातचीत कर रही थी. यह संभावना जतायी जा रही है कि यह मामला प्रेम प्रसंग का है. वैसे उसके देवर से पारिवारिक जमीन के विवाद का भी मामला था. इस कारण उसको भी सिरे से इनकार नहीं किया जा सकता है.





