जमशेदपुर : आजाद नगर थाना क्षेत्र के बागान शाही के रहने वाले कांट्रैक्टर कामरान पर जानलेवा हमला करने के लिए दो लोग बम लेकर पहुंचे थे. एक युवक झोले में बम लिए हुए था. उसके साथ एक किशोर भी था. कामरान को जब शक हुआ और उन्होंने जब डपट कर पूछा तो युवक भाग निकला. लेकिन, किशोर को दौड़ाकर पकड़ लिया. किशोर ने कामरान को बताया कि जो युवक भागा है वह बम लिए हुए था. कामरान ने घटना की सूचना आजाद नगर थाना पुलिस को दी. लेकिन पुलिस मामले में गंभीरता पूर्वक कार्रवाई नहीं कर रही है. कामरान ने बताया कि पिछले मंगलवार को उनके घर 2 लोग पहुंचे थे. उन्होंने उनकी पत्नी से कहा कि छत साफ कराना है तो करवा लीजिए. उनकी वाइफ ने छत को साफ करने के लिए दोनों को अंदर बुला लिया. तभी कामरान को उन पर शक हुआ. कामरान ने उनको पकड़ने की कोशिश की, तो एक युवक भाग खड़ा हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
कामरान का कहना है कि उन पर दो बार जानलेवा हमला हो चुका है. उनकी पूर्व पत्नी से उनका तलाक हो चुका है. कामरान का आरोप है कि पत्नी के रिश्तेदारों ने पहले भी उन पर हमला किया था. इसके अलावा जवाहर नगर में 16 नंबर में एक जमीन का भी मामला है. इसे लेकर कामरान झामुमो के एक नेता और कांग्रेस के एक नेता पर जानलेवा हमला कराने की साजिश रचने का आरोप लगा रहे हैं. उनका कहना है कि वह पहले भी डीसी और एसएसपी को लिखकर दे चुके हैं कि उनकी जान का खतरा है. उन्हें खबर मिली है कि उनके लिए किसी को सुपारी भी दी गई है. कामरान की मांग है कि पुलिस मामले में गंभीरता पूर्वक कार्रवाई करे और मामले की जांच कर आरोपियों को जेल भेजे.






