जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का तृतीय वार्षिक खेल दिवस 2026 शनिवार, 21 फरवरी को सिद्धगोड़ा परिसर में आयोजित हुआ. इस आयोजन में छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई. कार्यक्रम की शुरुआत विशिष्ट अतिथियों के स्वागत के साथ हुई. इस अवसर पर जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय मुख्य अतिथि थे. कार्यक्रम में कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता, कुलसचिव डॉ सलोमी कुजूर, डीएसडब्ल्यू डॉ किश्वर आरा तथा खेल एवं सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष डॉ सनातन दीप भी उपस्थित रहे. कुलपति डॉ गुप्ता ने विश्वविद्यालय का ध्वज फहराया, जिसके पश्चात छात्राओं ने आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया. मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों को सम्मान स्वरूप स्मृति-चिह्न एवं पौधे भेंट किए गए. खेल एवं सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष सह संगीत विभागाध्यक्ष डॉ सनातन दीप ने अतिथियों का स्वागत किया. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्य अतिथि पीयूष पांडेय ने छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए जीवन में खेल भावना और शारीरिक फिटनेस के महत्व पर बल दिया. उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय की छात्राओं की उल्लेखनीय उपलब्धियों की सराहना की. कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता ने चरित्र निर्माण में खेलों की भूमिका रेखांकित की एवं विश्वविद्यालय का नाम रौशन करनेवाली छात्राओं को बधाई दी. उन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में छात्राओं एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की प्रशंसा की. इस अवसर पर विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ियों को “उत्कृष्टता पुरस्कार” से सम्मानित किया गया. पुरस्कार पानेवाली छात्राओं में अंतरराष्ट्रीय कराटे में स्वर्ण पदक विजेता कर्णिशा दास, हैंडबॉल में अदिति कुमारी एवं भारती कुमारी बांकिरा, तीरंदाजी में सिमरन राव, राष्ट्रीय चैंपियनशिप में नेहा कुमारी एवं शुभांगी कुमारी, टेनिस बॉल क्रिकेट में सुमन लोहार, कल्पना हांसदा, लक्ष्मी हेम्ब्रम, अंकिता महतो, रोशनी सोय एवं रोशनी सोरेन, वॉलीबॉल में शांति सोरेन तथा बास्केटबॉल में जया कुमारी एवं सिम्मी कुमारी शामिल रहीं. (नीचे भी पढ़ें)

बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, वॉलीबॉल, कबड्डी, योग, भाला फेंक, गोला फेंक और चक्र फेंक जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए. शिक्षक एवं शिक्षकेतर महिला कर्मियों के लिए विशेष रूप से स्पून एंड मार्बल रेस का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षक वर्ग में डॉ नीलम सिंह एवं शिक्षकेतर वर्ग में बसंती दास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. बॉम्बार्डिंग और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं ने प्रतिभागियों में उत्साह और टीम भावना बढ़ाई. (नीचे भी पढ़ें)
सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि, कुलपति एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने सम्मानित किया. धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव डॉ सलोमी कुजूर ने किया. उन्होंने मुख्य अतिथि, विश्वविद्यालय प्रशासन, आयोजन समिति तथा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया.कार्यक्रम का समापन विश्वविद्यालय खेल ध्वज के अवरोहण तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ. इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक, प्रॉक्टर, वित्त पदाधिकारी, सीवीसी, आइक्यूएसी निदेशक, समन्वयक, विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी भी उपस्थित रहे.



