जमशेदपुर : यंग इंडियंस जमशेदपुर की ओर से यंग इंडियंस संसद 2025 के पूर्व क्षेत्रीय चरण की आज शुरुआत हुई. आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर सभागार में आरंभ इस आयोजन में सिलीगुड़ी, बालासोर, रायपुर, दुर्ग, भुवनेश्वर एवं जमशेदपुर, इन छह क्षेत्रों के 100 से अधिक छात्र भाग ले रहे हैं. पहले दिन छात्रों ने 10 प्रभावशाली विधेयक प्रस्तुत किए, जिनमें राष्ट्रीय और क्षेत्रीय महत्व के विभिन्न मुद्दे शामिल किये गये. गहन विचार-विमर्श और बहस के बाद 2 विधेयक पारित हुए, जिससे साबित हुआ कि युवा रचनात्मक सोच रखते हैं और सार्थक समाधान प्रस्तुत कर सकते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि, यंग इंडियंस के इमीडिएट पास्ट नेशनल चेयर विशाल अग्रवाल एवं जमशेदपुर के फाउंडर चेयर ने छात्रों को अपने प्रेरक संबोधन से उत्साहित किया. उन्होंने कहा कि आगामी दस वर्षों में आज के युवाओं में से कोई इस मंच से सशक्त होकर देश के मंत्रालय का हिस्सा बने, यही इसकी सच्ची सफलता और सार्थकता होगी. इस अवसर पर मंच पर जमशेदपुर यंग इंडियंस के चेयर कौशिक मोदी, को चेयर श्रुति झुनझुनवाला एवं सीआइआइ जमशेदपुर के सचिव कुणाल यादव उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)
अपने स्वागत भाषण में कौशिक मोदी ने यंग इंडियंस पार्लियामेंट की भावना को रेखांकित करते हुए कहा – यह मंच केवल बहसों का मंच नहीं, बल्कि यह भविष्य के नीति-निर्माताओं और नेताओं को तैयार करने का अवसर है. “छात्रों की ऊर्जा और विश्वास इस बात का प्रमाण है कि भारत का युवा उठने और जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार है. कार्यक्रम का दूसरा दिन कल आयोजित होगा, जिसमें बहसों का सिलसिला जारी रहेगा और समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे.




