जमशेदपुर/रांची : बोकारो से शुरू हुआ बर्ड फ्लू का खतरा अब धीरे धीरे राज्य के कई जिलों में बढ़ रहा है. बोकारो में मुर्गा-मुर्गियों के मरने के बाद अब रांची में भी मुर्गियां मरने का मामला सामने आया और जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है. पशुपालन विभाग ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के जेल चौक स्थित आवासीय परिसर में मरी मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है. इसके बाद पशुपालन निदेशक ने जेल चौक के एक किलोमीटर के दायरे में स्थित पोल्ट्री फार्म व मुर्गियों का सर्वे करने का निर्देश जिला पशुपालन पदाधिकारी को दिया है. इसके बाद से पशुपालन विभाग की टीम पूरे क्षेत्र में सर्वे का काम शुरू कर दी है. राज्य पशुपालन निदेशक, चंदन कुमार ने भी इन्फेक्शन फैले क्षेत्र के 1 किमी के दायरे को प्रभावित क्षेत्र घोषित करके पक्षियों को मारने के लिए पहचान करने का निर्देश दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
10 किलोमीटर के दायरे के क्षेत्रों को निगरानी क्षेत्र घोषित किया जाएगा. सर्वेक्षण का दायरा बढ़ाने पर भी फैसला लिया गया है. सभी सारे पोल्ट्री का सर्वेक्षण किया जायेगा. संक्रमित मुर्गियों को मारने का फैसला लिया जायेगा. इस बीच जमशेदपुर में भी बर्ड फ्लू को लेकर हाई अलर्ट कर दिया गया है. बर्ड फ्लू को लेकर आदेश दिया गया है कि हर स्तर पर मुर्गियों के फार्म चलाने वालों को सफाई का इंतजाम करने का निर्देश दिया जाये. यह कहा जाये कि कहां क्या किया जा सकता है. क्या करना है और क्या नहीं करना है, इसके बारे में भी जानकारी देने को कहा गया है. इस बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने विधानसभा में पूछे गये सवालों के जवाब में अजीबोगरीब जवाब दिया है. उन्होंने कहा है कि बर्ड फ्लू का कोई खतरा नहीं है. अगर बर्ड फ्लू है भी तो मुर्गा खाते रहिये. हम तो बर्ड फ्लू होने पर ज्यादा मुर्गा खाते है. थोड़ा और बढ़िया से मुर्गे को सेंक कर खाना चाहिए.



