
जमशेदपुर : झारखंड भाजपा के अल्पसंख्यक नेता आसिफ रिजवान खान को भारतीय गौरक्षा वाहिनी झारखंड अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. गौ की सेवा और गौ की रक्षा करने की जिम्मदारी भी उनके ही कंधे पर दी गयी है. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ दिग्गज नेता सह भारतीय गौरक्षा वाहिनी के राष्ट्रीय संरक्षक इंद्रेश कुमार तथा राष्ट्रीय महामंत्री ज़ीशान चौहान की मंजूरी मिलने पर 14 अगस्त को भारतीय गौरक्षा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश सिंह परिहार द्वारा नियुक्ति पत्र जारी कर भाजपा के वरिष्ठ नेता आसिफ रिजवान खान को भारतीय गौरक्षा वाहिनी झारखंड अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. इस पर आसिफ रिजवान खान ने संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक इंद्रेश कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश सिंह परिहार एंव संगठन महामंत्री ज़ीशान चौहान का आभार प्रकट किया है, साथ ही उन्होंने कहा कि गायों का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण योगदान है, हम सभी को गौ सेवा व गौ रक्षा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए. मुझे खुशी है की मुझे जीवन में यह अवसर प्राप्त हो रहा है. उन्होंने कहा कि मुसलिम समुदाय से होने के बावजूद वे कोशिश करेंगे कि हिंदू और मुसलिम सभी समुदाय के लोगों को साथ लेकर गौरक्षा में अपनी अहम भूमिका निभा सके. समाज के लोगों से बात कर भी रास्ता निकाला जा सकता है.






