
देवघर : भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास बिहार के दौरा के बाद सीधे देवघर पहुंचे. बाबाधाम में उन्होंने सोमवार को पूजा अर्चना की. इस मौके पर उनके साथ देवघर विधायक नारायण दास, खादी बोर्ड के सदस्य रहे कुलवंत सिंह बंटी समेत अन्य लोगों ने बाबा वैद्यनाथ के दर्शन किये. इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत भी की और हेमंत सोरेन की सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार बने दस माह से ज्यादा हो चुके है, लेकिन आज तक पांच लोगों को नौकरी नहीं मिल पायी है. हेमंत सरकार झुठे वादों की बदौलत सरकार में आयी है और जनता बेरमो और दुमका उपचुनाव में जवाब देकर बता देगी कि सरकार ने क्या काम किया है. इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास चुनावी कार्यक्रम को लेकर भागलपुर (बिहार) पहुंचे, जहां उन्होंने जनसंपर्क अभियान चलाया. इस मौके पर रघुवर दास ने बताया कि आज झारखंड में भी जिस तरह से रोजगार के मुद्दे पर हेमंत सरकार ने बीजेपी पर निशाना साधा था और लोगों से झूठ बोला था कि वह सरकार में आते ही लोगों को नौकरी देगें, लेकिन सरकार को आए लगभग 1 साल हो गए और अभी तक 5 लोगों को भी रोजगार नहीं मिला है. रघुवर दास ने कहा कि लोग महागठबंधन के झूठे वादे में नहीं फंसे और एनडीए को वोट देकर सरकार बनाने का काम करें. एनडीए की तरफ से भागलपुर के लोगों को कई बड़ी योजनाएं मिली हैं, जिसमें भागलपुर विक्रमशिला फोरलेन का समानांतर पुल, गैस पाइपलाइन परियोजना का भी कार्य जारी है. एनडीए ने बिहार राज्य के हर क्षेत्र में विकास का काम किया है. डबल इंजन की सरकार ने विकास की गति को काफी तेज कर दिया है. वहीं, इस मौके पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने महागठबंधन को महाठगबंधन का नाम देते हुए लोगों से झूठे वादे कर आंख में धूल झोंकने का आरोप लगाया. रघुवर दास ने झारखंड का हवाला देते हुए कहा कि लोगों से झूठे वादे करके झारखंड में नई सरकार आई, लेकिन जिस तरह से बीजेपी
सरकार में रहकर विकास का कार्य कर रही थी. वह सारी योजनाएं धीरे-धीरे ठप पड़ने लगी.


















