अनिल कुमार / बोकारो : बुधवार को राज्य के डॉक्टरों ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और झारखंड स्टेट हेल्थ सर्विसेज एसोसिएशन के बैनर तले कार्य बहिष्कार का फैसला लिया है. इसके तहत एक मार्च को बोकारो में सभी स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से ठप हैं. सदर अस्पताल बोकारो पहुंचकर चिकित्सकों ने अपना विरोध जताया और राज्य में मेडिकल प्रोटेक्शन बिल लागू करने की मांग की. विरोध के दौरान डॉक्टर अनिकेत चौधरी ने कहा कि डॉक्टर सरकार का विरोध नहीं कर रहें है बल्कि सरकार का ध्यान अपनी ओर करना चाहते हैं. आए दिन डॉक्टरों के साथ मारपीट और उनपर हमले की घटना सामने आ रही है, जिनपर विराम लगना चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
हजारीबाग में एक चिकित्सक के साथ डीडीसी के बॉडीगार्ड ने बदतमीजी की. रांची घर में घुसकर एक चिकित्सक के साथ मारपीट की गई. लगातार चिकित्सकों पर हमले हो रहे हैं इसी को लेकर आज 24 घंटे का कार्य बहिष्कार है. बोकारो सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद ने कहा कि लगातार चिकित्सकों पर हमला और बदतमीजी हो रही है. एक महीने में लगभग 10 घटना सामने आ चुकी है. ऐसे में सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए और मेडिकल प्रोटेक्शन बिल को भी लागू किया जाना चाहिए.



