चतरा: चतरा जिले के चतरा-हजारीबाग मार्ग स्थित संघरी घाटी में बुधवार को एक सड़क हादसा हो गया. यहां दो ट्रकों के बीच हुई जोरदार टक्कर में चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद अफरातफरी मच गई और सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई. दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची. जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रक पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से लोहा लादकर बिहार के बक्सर और उत्तर प्रदेश के बलिया की ओर जा रहे थे.(नीचे भी पढ़े)
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि संघरी घाटी से नीचे उतरने के दौरान पीछे चल रहे ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया. इससे ट्रक अनियंत्रित हो गया और उसने आगे चल रहे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी तेज थी कि आगे चल रहा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जबकि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. बताया जा रहा है कि टक्कर के समय चालक और खलासी केबिन में फंस गए थे और उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला.







