रांची : झारखंड विधानसभा में सदन के नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी बेबाक टिप्पणी से विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अभी तो यह शुरुआत हुई है, विपक्ष के हर बॉल पर सिक्सर ही लगने वाला है. करीब 20 मिनट के अपने संबोधन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर चुन चुनकर हल्ला बोला. राज्यपाल के अभिभाषण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार जात पात और धर्म से ऊपर उठकर सभी वर्गों के लिए काम कर रही है. देश का पहला राज्य झारखंड को नाया गया है, जहां एयर एंबुलेंस की व्यवस्था है. रिम्स के जीर्णोद्धार का काम चल रहा है. हमारी सरकार भाषण देने वाली नहीं बल्कि धरातल पर काम करने वाली है. उन्होंने कहा कि विपक्ष के षड़यंत्र के आगे सरकार झुकने वाली नहीं है. उन्होंने कहा कि षड़यंत्र के बावजूद हमारी सरकार ने काम किया है, जिसका नतीजा है कि हम फिर से सत्ता पर है और आज विपक्ष वहीं है, जबकि दो तीन पत्ता झड़ चुका है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने विपक्ष को कहा कि अभी तो शुरुआत हुई है. पांच साल तक भाजपा और गठबंधन के लोगों को विपक्ष में ही रहना है. विपक्ष के हर बॉल पर छक्क लगेगा. मुख्यमंत्री जब भाषण दे रहे थे तो विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया और कहा कि बालू का घोटाला हो रहा है. इस पर मुख्यमंत्री ने अपनी नजरे तरेरी और कहा कि यहां दबंगई नहीं चलेगी. सूर्यास्त हो चुका है, आगे मुसीबत विपक्ष की और बढ़ने वाली है. हम लोग बोलने में विश्वास नहीं करते है, काम करने में विश्वास करते हैं. अभी तो सरकार ने शुरुआत की है. विपक्ष चतुर चालाक है, भेड़िये का छाल ओड़े हुए है. मंईंयां सम्मान पर विपक्ष के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में क्या हुआ, महाराष्ट्र में क्या हुआ, इस पर जवाब नहीं दिया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि विपक्ष पूरी तरह निकम्मा हो चुका है. विपक्ष को निकम्मा कहने पर विपक्षी विधायकों ने जोरदार विरोध करते हुए नारेबाजी कर दी और सारे भाजपा विधायक ने वॉक आउट कर दिया. लेकिन सीएम नहीं रुके. सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में खिलाड़ियों के साथ केंद्र सरकार भेदभाव करती है. गुजरात को 30 फीसदी बजट का दे दिया जाता है जबकि हमको 20 से 30 करोड़ रुपये ही दिया जाता है, जिससे हम लोग घबराने वाला नहीं है. उन्होंने सदन में अपने स्वास्थ्य को लेकर उडाये गये अफवाह पर भी कहा कि यह विपक्ष का षड़यंत्र के अलावा कुछ नहीं है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संबोधन के बाद सदन की कार्यवाही को शुक्रवार की सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.














