
जमशेदपुर : झारखंड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड द्वारा ऋण वसूली के लिए बकायेदारों पर शिकंजा कसने का अभियान शुरू कर दिया है. इस क्रम में जिला सहकारिता पदाधिकारी पूर्वी सिंहभूम-सह-नीलाम पत्र पदाधिकारी विजय प्रताप तिर्की की अध्यक्षता में हुई बैठक में बकायेदारों पर लंबित 309 केसों की समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया. साथ ही वर्तमान के बकायेदारों पर नीलाम पत्र वाद दायर करने का निर्देश सभी शाखा प्रबंधक को दिया गया. जिन बकायेदारों पर केस किया जा रहा है, उसमें जादूगोड़ा शाखा के ऋणी कान्हू सामंत जिनका बकाया 6 लाख 94 हजार 556 रुपये, अनुपमा सुधा टोप्पो (सरकारी शिक्षक) जिन पर बकाया 5 लाख 99 हजार 100 रुपये, बिष्टुपुर शाखा के बकायदार बृजनंदन राय जिनका बकाया 6 लाख 90 हजार 526 रुपये, सुनील कुमार प्रसाद जिनका बकाया 1 लाख 72 हजार 850 रुपये, गुरमीत सिंह का बकाया 1 लाख 4 हजार 547 रुपये, गोलमुरी शाखा के ऋणी पारुल डेयरी फार्म प्रोपराइटर सीमा अधिकारी का बकाया 9 लाख 90 हजार रुपये, पटमदा शाखा की ऋणी मालती कुमारी का बकाया 1 लाख 30 हजार रुपये सहित 45 अन्य बकायेदारों पर भी कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी सुनिश्चित कर ली गई है. इस बैठक में मुख्य रुप से जिला सहकारिता पदाधिकारी विजय प्रताप तिर्की, अनीश कुमार, शम्भू शरण, जगदीश हाजरा, सहकारिता प्रसार पदाधिकारी संतोष साहू, प्रबंधक (विधि एवं रिकवरी) अमित प्रसाद, रजनी सिंह, राजीव रंजन, अजय चौधरी, कंचन लाल, शन्तियाल कच्छप, गोकुलेश्वर सिंह, संजय कुमार सहित अन्य उपस्थित हुए.





