
जमशेदपुर : झारखंड विधानसभा के नवनिर्मित भवन में आग लगने की घटना पर पूर्व मंत्री एवं जमशेदपुर पूर्वी से मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ चुनाव लड़ रहे सरयू राय ने गम्भीर सवाल उठाते हुए सीबीआई जांच की मांग की है. उन्होंने कहा है कि विधानसभा भवन निर्माण में घपला घोटाला की शिकायत आरंभ से ही आ रही थी. आज तक विधानसभा भवन को ठेकेदार द्वारा विधानसभा को नहीं सौंपा गया है, परंतु छह माह पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आनन-फानन में इसका उदघाटन कराया गया, जबकि उस समय तक तीन चौथाई निर्माण कार्य भी पूरा नहीं हुआ था. श्री राय ने कहा है कि मैंने उस समय प्रधानमंत्री को राज्य के कैबिनेट मंत्री की हैसियत से पत्र लिखा था कि वे नवनिर्मित विधानसभा भवन का उदघाटन न करें, क्योंकि इसका न सिर्फ कार्य अधूरा है, बल्कि इसके निर्माण में अनेक अनियमितता भी बढ़ती गई है. इस भवन का निर्माण बिना पर्यावरणीय स्वीकृति लिए किया गया है जो कि सीआईए नोटिफिकेशन 2006 के अनुसार अवैध है. एक अवैध भवन एवं अर्ध निर्मित भवन का उदघाटन प्रधानमंत्री से कराकर सीएम ने वस्तुतः एक अपराध किया था. उसी अपराध को छुपाने के लिए ऐसा लगता है कि विधानसभा के निर्मित भाग में आगजनी की गई, जिससे बहुत बड़ा नुकसान हुआ है. इस घटना से यह पोल भी खुल गई है कि ठेकेदार द्वारा अभी तक भवन का हैंड ओवर विधानसभा को नहीं किया गया. श्री राय ने विधानसभा में आग लगने की घटना की सीबीआई जांच की मांग भी की है.







